पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में सोमवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ये घटनाएं जगतबल्लभपुर, मता और बागनान थाना क्षेत्रों में हुईं। जगतबल्लभपुर के मजु इलाके में बारिश के दौरान खेतों और उसके आसपास काम कर रहे चार लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।’’ मृतकों की पहचान किसान मानवेंद्र मंडल (50) और अनुप कर (45) के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना हमारी तत्काल प्राथमिकता है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और सरकारी नियमों के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी।’’ एक अन्य घटना में मता थाना क्षेत्र के सोनामुई ढाकीपाड़ा में 35-वर्षीय सुशांत रॉय की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वह खेत से काम करके लौटने के बाद तालाब पर अपना फावड़ा साफ कर रहे थे, तभी आकाशीय बिजली गिर गई। उन्हें माता ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीसरी घटना बागनान थाना क्षेत्र के काटापुकुर में हुई, जहां खेत में काम कर रहे एक अन्य किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *