दिल्ली के बवाना इलाके में मंगलवार देर शाम गैंगवार की वारदात सामने आई, जिसमें 4 लोगों को गोली मारी गई. इस फायरिंग में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जांच में पुलिस को टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच पुराने गैंग संघर्ष से जुड़े होने का शक है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. बदमाशों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए. हमले में बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है. फायरिंग में एक 10 साल के बच्चे के पैर में भी गोली लगी, वहीं घर के बाहर खड़े एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी. शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. दिल्ली पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है. इस हमले के पीछे टिल्लू गैंग का हाथ होने का शक जताया जा रहा है. हालांकि, टिल्लू ताजपुरिया और गोगी दोनों ही पहले की गैंगवॉर में मारे जा चुके हैं, लेकिन उनके गैंग के सदस्य अब भी एक-दूसरे को निशाना बनाते रहते हैं.
