राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद विभिन्न इलाकों में हॉकर्स के खिलाफ चल रहे उच्छेद अभियान के बीच हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में हॉकर्स की समस्याओं, बेदखली और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कमेटी का दावा है कि मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा तक हॉकर्स के खिलाफ किसी भी तरह की उच्छेद कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया है। राज्य में सरकार बदलने के बाद प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले ‘जनता दरबार’ में इस बार हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधि भी पहुंचे। साल्टलेक स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने राज्यभर में चल रहे हॉकर्स उच्छेद अभियान पर चिंता जताते हुए बेदखली रोकने की मांग रखी। हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के राज्य अध्यक्ष असित साहा ने बताया कि किसी हॉकर संगठन और मुख्यमंत्री के बीच इस मुद्दे पर यह पहली औपचारिक बातचीत थी। उन्होंने कहा कि बैठक बेहद सकारात्मक रही और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना। असित साहा के अनुसार, बैठक में रेलवे की जमीन को छोड़कर सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले हॉकर्स के भविष्य पर विशेष चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का रुख सकारात्मक रहा और उन्होंने इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाई। असित साहा का दावा है कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि दुर्गा पूजा तक संबंधित स्थानों पर किसी भी प्रकार का हॉकर्स उच्छेद अभियान नहीं चलाया जाएगा। जिन इलाकों में पहले से उच्छेद का नोटिस जारी हो चुका है, वहां भी फिलहाल कार्रवाई नहीं की जाएगी। हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया है कि जिन हॉकर्स को सुरक्षा कारणों से खतरनाक स्थानों से हटाना आवश्यक होगा, उनके पुनर्वास की व्यवस्था पर भी सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *