विपक्षी पार्टियों का संगठन इंडिया ब्लॉक ने मिलकर बुधवार को नई दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बारी-बारी से विपक्षी पार्टियों ने अपनी बात रखी। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की चीफ ममता बनर्जी ने इस दौरान चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर जमकर निशाना साधा। ममता ने कहा कि चुनावों में धांधली को लेकर पहले से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तो सबकुछ खुलकर सामने आ गया है। आइए बताते हैं कि ममता बनर्जी ने और क्या-क्या कहा। टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने कहा कि वोट चोरी की बात बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने की थी। वोट चोरी करके बीजेपी 2026 में जीती, मध्य प्रदेश, हरियाणा, बिहार में जीती और बंगाल में लूट की। आपको पता है हम यहां लोगों को लेकर आए थे। चुनाव आयोग के पास गए थे। सुप्रीम कोर्ट में भी गए थे। सारे दरवाजे खटखटाए। लेकिन अब तो खुल्लम-खुल्ला हो गया कि ज्ञानेश कुमार चोर है। उसने वोट चोरी किए, ईवीएम मशीन जला दीं। ईवीएम मशीन को हाइजैक किया और काउंटिंग में धांधली की। इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा देना होगा। हमें लोकतंत्र को बचाए रखना होगा। लोगों की सुरक्षा को कायम रखना होगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि हमें लोगों के मतदान अधिकार को भी सुरक्षित रखना होगा। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। ये समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। अगर लोग मतदान नहीं कर रहे हैं या उनके वोट की चोरी हो रही है तो फिर देश का क्या होगा। इसलिए हमारी मांग है कि ज्ञानेश कुमार अगर इस्तीफा नहीं देते हैं तो ये आंदोलन बहुत आगे तक पहुंच सकता है। ये आंदोलन जमीन से आसमान और चांद-सूरज तक जाएगा। बस हम लोगों को एक साथ मिलकर लड़ना है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *