कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती) में अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम का टिकट खरीदकर धोखाधड़ी के शिकार हुए करीब 33,000 खेल प्रेमियों को राज्य सरकार उनका पैसा वापस दिलाएगी। शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मेसी के कार्यक्रम को लेकर हुए इस घोटाले पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जोमैटो डिलीवरी बॉय से लेकर आम युवाओं ने 4,000 रुपये, 6,000 रुपये और 8,000 रुपये तक में टिकट खरीदे थे। युवाओं ने मेसी को एक नजर देखने के लिए साल भर की जमा पूंजी लगा दी थी, लेकिन कुप्रबंधन के कारण उन्हें मायूस होना पड़ा। सरकार आंतरिक स्तर पर कानूनी रास्ते तलाश रही है ताकि इन 33 हजार पीड़ितों को उनकी रकम जल्द से जल्द लौटाई जा सके। खेल क्षेत्र में प्रशासनिक सुस्ती और राजनीतिक नियंत्रण पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 से एथलीटों की नियुक्तियों से जुड़ी फाइलें लंबित पड़ी थीं। उन्होंने ऐलान किया कि 110 दिन पुरानी नई सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के 8 महीनों के लिए 400 करोड़ रुपये का विशेष खेल बजट आवंटित किया है। इसके तहत राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में टेबल टेनिस, बैडमिंटन और आधुनिक जिम से लैस ‘मिनी इनडोर स्टेडियम’ बनाए जाएंगे, जिनमें से पहले वर्ष में 100 स्टेडियम तैयार करने का लक्ष्य है। राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियों का अनावरण किया गया। अब खिलाड़ियों को सिर्फ पदक जीतने पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करने पर भी शुरुआत से ही वित्तीय मदद मिलेगी। साथ ही पुलिस सहित अनुशासित सरकारी विभागों में स्पोर्ट्स कोटा लागू किया जाएगा और ‘अटल खेलरत्न खेल सम्मान’ की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में गुरुबख्श सिंह, बुला चौधरी और ज्योतिर्मयी सिकदार जैसे दिग्गज एथलीटों की मौजूदगी में 145 उत्कृष्ट प्रतियोगियों को सम्मानित कर 4.31 करोड़ रुपये से अधिक के चेक वितरित किए गए। पश्चिम बंगाल के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना से अधिकतम फंड हासिल करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने राज्य के खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. इंद्रनील खां और प्रमुख सचिव अवनींद्र सिन्हा को विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के साथ दिल्ली जाने का निर्देश दिया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि केंद्र से शुरुआती 100 करोड़ रुपये का आश्वासन मिला है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वे खुद दिल्ली जाकर बंगाल के लिए 1,000 करोड़ रुपये का फंड लेकर आएंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *