दिग्गज अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी के नेता मिथुन चक्रवर्ती की शुक्रवार को कोलकाता में ई.एम. बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में सफल सर्जरी हुई। खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार सुबह उनका हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। उनके साथ जादवपुर की विधायक शर्बरी मुखर्जी सहित अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से बातचीत की और अभिनेता के स्वास्थ्य की स्थिति का ब्योरा लिया। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ‘महागुरु’ के नाम से मशहूर मिथुन चक्रवर्ती के हाथ की सर्जरी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि वे फिलहाल पूरी तरह से स्वस्थ और स्थिर हैं। अगर सुधार की रफ्तार यही रही, तो उन्हें अगले एक से दो दिनों के भीतर अस्पताल से छुट्टी (Discharge) दी जा सकती है। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने चिनार पार्क स्थित आवास से सीधे ई.एम. बाईपास स्थित अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भी सुवेंदु अधिकारी ने न्यू टाउन स्थित मिथुन चक्रवर्ती के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में राज्य भर में भारतीय जनता पार्टी के लिए धुआंधार प्रचार किया था। कई रैलियों और रोड-शो के दौरान बीच में उनकी तबीयत भी बिगड़ी थी, लेकिन वे लगातार चुनाव अभियान में सक्रिय रहे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *