पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सुंदरवन के समग्र विकास, गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही काकद्वीप को अलग जिला बनाने का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने दिया है। काकद्वीप में शनिवार को आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सुंदरवन के विकास के लिए कई योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही मुड़िगंगा नदी पर बन रहे पुल का निर्माण पूरा कर 2029 में उसका उद्घाटन करने का लक्ष्य भी घोषित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सुंदरवन को विकास की मुख्यधारा में लाना चाहती है। सुंदरवन विकास विभाग की सेवाओं को दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाने के साथ आने वाले कुछ महीनों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने विकास के लिए आवंटित धन का उचित इस्तेमाल नहीं किया और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। सुंदरवन में संपर्क व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी। इसके अलावा कलवर्ट और आवागमन की सुविधा के लिए पंटून जेटी का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए भी कई पहल की जा रही हैं। मुड़िगंगा नदी पर पुल के निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्घाटन साल 2029 में किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने पुल बनाने का वादा तो किया था लेकिन भूमि अधिग्रहण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने जैसे जरूरी काम नहीं किए। मुख्यमंत्री ने जिले में 4 लाख 81 हजार 242 नए मकानों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने आवास योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले गोशाला दिखाकर भी मकान निर्माण की राशि ली गई थी। स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में लाने की बात कही। उन्होंने काकद्वीप के शरणार्थी परिवारों को जल्द नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए महकमा शासक को निर्देश देने की जानकारी भी दी। नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री रोकने के लिए उन्होंने प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शादी 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले न करें। उन्होंने अम्फान चक्रवात के राहत कोष में कथित गड़बड़ी और 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। काकद्वीप के सूर्यनगर में मां काली की प्रतिमा को प्रिजन वैन में ले जाने के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह आगामी 10 जनवरी को गंगासागर मेले का उद्घाटन करने आएंगे। उन्होंने मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने और सुंदरवन को विकास का आदर्श मॉडल बनाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही काकद्वीप को अलग जिला बनाने की योजना का भी उल्लेख किया।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *