गंगासागर में कपिल मुनि आश्रम के पास स्नान घाट नंबर-2 के निकट समुद्र में अचानक ‘वाटर स्पाउट’ यानी पानी का बवंडर दिखाई देने से तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि यह असामान्य प्राकृतिक घटना करीब 30 मिनट तक बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समुद्र में पानी का बवंडर उठता देखकर आसपास मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। घटना के दौरान किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि, घटना के सटीक कारण और इसकी आधिकारिक पुष्टि से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। वाटर स्पाउट समुद्र या किसी बड़े जलाशय के ऊपर बनने वाला घूमता हुआ वायु स्तंभ होता है, जो पानी और हवा के बवंडर जैसा दिखाई देता है। यह मौसम की कुछ विशेष परिस्थितियों में बन सकता है। इसकी मौजूदगी समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों और नावों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।
