गणेश विसर्जन जुलूस में बज रहे डीजे की बहुत तेज आवाज और उसके कंपन के कारण पास के दो मंजिला मकान का छज्जा ढह गया और नीचे खड़े लोगों पर जा गिरा. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. जबकि, 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. मृतक की पहचान स्थानीय हरिराजपुर इलाके के बिस्वजीत बारीक के रूप में हुई है. घायलों की पहचान नहीं हो पाई है. यह घटना शनिवार रात की है. सभी लोग जटनी गणेश विसर्जन देखने आए हुए थे. इस मामले में सबसे बड़ी बात यह सामने आई है कि विसर्जन के दौरान किसी को भी डीजे बजाने की अनुमति नहीं थी. इसके बावजूद प्रशासन के प्रतिबंधों का उल्लंघन करके विभिन्न पूजा समितियों द्वारा बिना अनुमति के डीजे बजाया जा रहा था. आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस द्वारा नियमों की अनदेखी करने के कारण ही यह बड़ा हादसा हुआ है. घटना की जानकारी देते हुए एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस नरसिंह भोला ने कहा, “जब गणेश विसर्जन का जुलूस वहां से गुजर रहा था, तब एक मकान की दूसरी मंजिल से बाहर निकला हुआ छज्जा गिर गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. शुरुआत में 7 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा था, जिनमें से 3 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।.” एडीशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस ने आगे बताया कि इस बात की पूरी जांच की जाएगी कि क्या छत की स्लैब तेज आवाज के कारण गिरी थी. इसके लिए एक साउंड इंजीनियर और स्ट्रक्चरल सेफ्टी एक्सपर्ट (भवन सुरक्षा विशेषज्ञ) की मदद ली जाएगी. वो यह पता लगाएंगे कि क्या छत डीजे की तेज आवाज और उसके कंपन की वजह से ही गिरी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *