फ्लाईदुबई के विमान में बीच हवा में घटी भयावह घटना के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर 170 यात्रियों को सुरक्षित बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बात की। कैप्टन मच्छर इस समय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कैप्टन के अदम्य साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वीडियो कॉल के दौरान भावुक हुए कैप्टन स्मित मच्छर ने उस खौफनाक पल का ब्योरा साझा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा, “मैं अपनी जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा था। मुझे उस वक्त बस यही ख्याल आया कि अगर मैंने हिम्मत नहीं दिखाई, तो 170 बेकसूर यात्रियों की जान चली जाएगी।” कैप्टन ने बताया कि उस नाजुक स्थिति में वह मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे और संकट मोचन हनुमान ने ही उन्हें मुकाबला करने की शक्ति दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कैप्टन मच्छर को ‘हीरो’ करार देते हुए लिखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने असाधारण वीरता दिखाई और एक बड़े हादसे को टाल दिया। इससे पहले नई दिल्ली में यूपीएससी (UPSC) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि इजरायल के प्रधानमंत्री ने भी माना है कि एक भारतीय पायलट के धैर्य और तुरंत लिए गए फैसले ने 9/11 जैसी भयानक त्रासदी को होने से रोक दिया। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को कैप्टन के परिवार से भी बात कर भारतीय मिशन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया था। यह घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब बोइंग 737 विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर था। कॉकपिट में सह-पायलट के साथ हुई हिंसक झड़प में कैप्टन मच्छर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसी दौरान विमान प्रति मिनट लगभग 23,000 फीट की दर से नीचे गिरते हुए करीब 15,600 फीट तक आ पहुंचा था। इसके बावजूद कैप्टन मच्छर ने सूझबूझ से कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक किया, जिसके बाद केबिन क्रू और यात्रियों ने अंदर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। कैप्टन स्मित मच्छर एक अनुभवी कमर्शियल पायलट हैं, जिनके पास 13 वर्षों से अधिक का अनुभव और 9,750 से ज्यादा उड़ान घंटों का रिकॉर्ड है। वह मुख्य रूप से बोइंग 737 विमान उड़ाते रहे हैं। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले वह 11 साल तक भारत की स्पाइसजेट एयरलाइन में ‘लाइन ट्रेनिंग कैप्टन’ के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, इस घटना की विस्तृत जांच शुरू होने के बाद एयरलाइन कंपनी फ्लाईदुबई ने इजरायल के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *