लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को INDIA ब्लॉक के सांसदों, नागरिक समाज के सदस्यों और छात्र संगठनों को अपने आवास पर चाय पर आमंत्रित किया है। इस दौरान विपक्षी गठबंधन के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। यह घटनाक्रम वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद सामने आया है। विपक्षी नेताओं ने सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला था और निर्वाचन आयोग की कथित अनियमितताओं के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में संयुक्त याचिका दाखिल की थी। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के नेताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को मंगलवार को अपने आवास पर आमंत्रित किया है। निमंत्रण के अनुसार, दोपहर में विपक्षी गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसके बाद शाम 4 बजे नई दिल्ली के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित राहुल गांधी के आवास पर चाय का कार्यक्रम रखा गया है।इस बैठक में विपक्षी सांसदों के साथ नागरिक समाज और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है, जब विपक्ष निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहा है। सोमवार, 12 अक्टूबर को विपक्षी नेताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला था। इस प्रदर्शन में सांसदों, कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों और नागरिक समाज के सदस्यों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान भारी बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और SIR को लेकर विरोध जताया।विपक्षी नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े सवाल हैं। INDIA ब्लॉक इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग कर रहा है। इस प्रदर्शन को विपक्षी दलों की साझा रणनीति और एकजुटता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के 11 नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में संयुक्त याचिका दाखिल की है। याचिका में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाताओं के नाम हटाए जाने से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।याचिका दाखिल करने वाले नेताओं में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव, संजय राउत, डी राजा, महुआ माजी, सुप्रिया सुले और ईटी मोहम्मद बशीर शामिल हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *