बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में तृणमूल नेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सोमवार रात पूर्व विधायक व बिधाननगर नगर पालिका के अध्यक्ष सब्यसाची दत्ता को एक व्यवसायी से एक करोड़ रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिधाननगर नगर निगम (BMC) के पूर्व चेयरमैन दत्ता को रायगाछी स्थित उनके घर से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि एक व्यवसायी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और दत्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोप लगाया गया कि बिधाननगर के पूर्व मेयर रंगदारी के कामों में शामिल थे। टीएमसी नेता ने 2026 के विधानसभा चुनावों में बारासात सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे। दत्ता 2019 में बीजेपी में शामिल हुए थे और कुछ साल बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी में वापस आ गए थे। उनकी गिरफ्तारी तब हुई जब बिधाननगर के पूर्व विधायक और टीएमसी सरकार में मंत्री सुजीत बोस को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगर निकाय नौकरी घोटाले के मामले में हिरासत में लिया था। वहीं वसूली, धमकी के आरोप में नंदीग्राम के नेता अब्दुल अलीम अलराजी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर विधानसभा हस्ताक्षर मामले में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सीआईडी के समक्ष आज शाम 5:00 बजे तक पेश होने को कहा गया है।
