पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने उपचुनाव, शिक्षा विधेयक और कथित राष्ट्रविरोधी बयानों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रेजीनगर में होने वाला उपचुनाव कड़े मुकाबले वाला हो सकता है। साथ ही उन्होंने ‘भगवाधारी’ को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उपचुनाव में उनका क्या हाल होता है, यह देखने वाली बात होगी। विधानसभा में शिक्षा विधेयक पेश किए जाने के मुद्दे पर सुवेंदु अधिकारी ने सवाल उठाया कि आखिर इस बिल के विरोध की वजह क्या है। उन्होंने कहा कि बिल किस दिशा में जा रहा है, यह समझने के बाद ही विरोध की वजह साफ होगी। उनके बयान के बाद शिक्षा विधेयक को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं। सुवेंदु अधिकारी ने कथित राष्ट्रविरोधी नारों को लेकर बेहद आक्रामक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “अगर वे कहेंगे कि भारत तेरे टुकड़े होंगे, तो मैं उनके टुकड़े कर दूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई व्यक्ति एंटी-नेशनल शब्दों का इस्तेमाल करता है या किसी की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बात कहता है, तो कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने सरकार के कार्यकाल और शासन व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार पांच साल के लिए चुनी जाती है और शासन को लेकर उन्होंने ‘एक देश, एक स्टेट’ की अवधारणा का जिक्र किया। उनका कहना था कि अगर कोई सरकार का विरोध करेगा तो सरकार भी अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। दुर्गा पूजा के दौरान कम्युनिस्ट संगठनों के स्टॉल को लेकर भी सुवेंदु अधिकारी ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर कम्युनिस्ट संगठन अपने स्टॉल पर ‘दुर्गा पूजा’ नहीं लिखते हैं, तो उन्हें स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। सुवेंदु अधिकारी के इन बयानों को लेकर बंगाल की राजनीति में विवाद बढ़ने के आसार हैं। उपचुनाव की सरगर्मी के बीच उनके तीखे तेवरों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
