कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक तृणमूल कांग्रेस पार्षद को मंगलवार को जबरन वसूली, धोखाधड़ी और विभिन्न परियोजनाओं के लाभार्थियों से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के नारकेलडांगा इलाके के वार्ड नंबर 36 से तृणमूल कांग्रेस पार्षद सचिन सिंह को उनके खिलाफ कई शिकायतों के बाद हिरासत में लिया गया। मंगलवार सुबह सिंह के आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, उनके खिलाफ नारेबाजी की और उन पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सिंह के घर पर कथित तौर पर पत्थर फेंके। शिकायत के अनुसार, सिंह काफी समय से इलाके के पार्किंग संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों से जबरन वसूली कर रहे थे। उन पर कई नागरिक और विकास परियोजनाओं के संबंध में रिश्वत मांगने का भी आरोप है। उनके खिलाफ धमकी और मारपीट के आरोप हैं। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जबरन वसूली, धोखाधड़ी और अवैध रूप से उगाही करने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है और आरोपों के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।’’ कुछ दिन पहले, केएमसी के वार्ड नंबर 123 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुदीप पोली को लाखों रुपये की जबरन वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *