कोलकाता में संयुक्त राज्य अमेरिका की महावाणिज्य दूत सुश्री कैथरीन जाइल्स-डियाज़ ने वाणिज्यिक अनुभाग प्रमुख नोआ होगन के साथ पश्चिम बंगाल के संसदीय मामलों और पर्यटन विभाग के मंत्री-इन-चार्ज डॉ. शंकर घोष से मुलाकात की। यह बैठक न्यू सचिवालय भवन स्थित मंत्री के कक्ष में हुई। डॉ. शंकर घोष ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक उत्तरीय और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें मां दुर्गा और उनके परिवार की हस्तनिर्मित ढोकरा मूर्तियां भी भेंट की गईं। बैठक में पश्चिम बंगाल आने वाले अमेरिकी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा हुई। डॉ. घोष ने बताया कि राज्य सरकार 23 जिला-स्तरीय 24×7 हेल्पलाइन और एक केंद्रीकृत 365-दिवसीय राज्य हेल्पलाइन शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। मंत्री ने अमेरिकी महावाणिज्य दूत से अपील की कि पश्चिम बंगाल आने वाले अमेरिकी पर्यटकों को आधिकारिक पश्चिम बंगाल टूरिस्ट ऐप का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने पर्यटकों से सरकार द्वारा पंजीकृत होटल, होमस्टे, ट्रैवल एजेंट और परिवहन प्रदाताओं की सेवाएं लेने की सलाह दी। अमेरिकी महावाणिज्य दूत सुश्री कैथरीन जाइल्स-डियाज़ ने पश्चिम बंगाल के आधिकारिक टूरिस्ट ऐप और पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर वीजा आवेदन से जुड़ी सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। डॉ. शंकर घोष ने इस प्रस्ताव को संबंधित अधिकारियों के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। बैठक में पश्चिम बंगाल की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। डॉ. घोष ने वैश्विक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की योजना साझा की। अमेरिकी महावाणिज्यदूत ने इस पहल की सराहना की। बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने चर्चा पर संतोष जताया। साथ ही पश्चिम बंगाल में पर्यटन के विकास और प्रचार-प्रसार, अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *