पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के तेहट्टा थाना क्षेत्र के नाटना में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कृष्णनगर से सांसद महुआ मोइत्रा को भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा। पार्टी की एक राजनीतिक बैठक में शामिल होने पहुंचीं महुआ मोइत्रा को देखते ही भाजपा समर्थकों ने ‘गो-बैक’ के नारे लगाए, काले झंडे दिखाए और उनकी कार पर अंडे फेंके। इस दौरान टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना के तुरंत बाद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस दीपांकर दत्ता पर सीधा और अनोखा तंज कसा। अपने वीडियो संदेश में महुआ मोइत्रा ने कहा:”जस्टिस दीपांकर दत्ता को मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं! मैं पुलिस को पूर्व सूचना देकर अपने संसदीय क्षेत्र की एक बैठक में शामिल होने गई थी। वहाँ पुलिस की मौजूदगी में ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझ पर अंडे फेंके। लेकिन आपकी सलाह का अक्षरशः पालन करते हुए, जिस तरह एक स्वतंत्रता सेनानी सीने पर गोलियां झेलता है, ठीक उसी तरह मैंने इन अंडों का डटकर सामना किया है।” उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कृष्णनगर में महुआ मोइत्रा पर अंडों से हमला हुआ था। एक नफरती भाषण (हेट स्पीच) मामले में पुलिस समन और हमलों से सुरक्षा की मांग को लेकर वे सुप्रीम कोर्ट पहुंची थीं।उस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उनके वकील की सुरक्षा वाली याचिका खारिज कर दी थी। सुनवाई के समय जस्टिस दीपांकर दत्ता ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा था कि “जब देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने सीने पर गोलियां खाई थीं, तो एक जनप्रतिनिधि होकर अंडों से डरने की क्या जरूरत है?”तेहट्टा में दोबारा अंडों से हमला होने के बाद महुआ मोइत्रा ने सुप्रीम कोर्ट के उसी पुराने बयान को याद दिलाते हुए जज पर तंज कसा है।

