कोलकाता पुलिस ने शहर में सक्रिय एक बड़े मानव तस्करी गिरोह का राजफाश करते हुए नेपाल की तीन युवतियों को देह व्यापार के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में सोनागाछी इलाके की एक मकान मालकिन शोभा तामांग को गिरफ्तार किया है। लालबाजार की खुफिया शाखा को सूचना मिली थी कि नेपाल से युवतियों को नौकरी का लालच देकर कोलकाता लाया जा रहा है और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेला जा रहा है। रविवार को पुलिस ने सोनागाछी में छापा मारकर तीन युवतियों को बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित युवतियों को बेहतर रोजगार का सपना दिखाकर नेपाल से कोलकाता लाया गया था। यहां पहुंचते ही उन्हें बेच दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। नेपाल दूतावास से भी संपर्क किया गया है ताकि युवतियों की पहचान और उनके परिवारों तक पहुंच बनाई जा सके। पुलिस का मानना है कि तस्कर नेपाल के ग्रामीण इलाकों में जाकर गरीब परिवारों को निशाना बनाते हैं। करीब आठ महीने पहले भी शहर में इसी तरह का बड़ा गिरोह पकड़ा गया था। लगातार सामने आ रहे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
