नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में बुधवार को 11,000 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच लोग घायल हो गए. हादसे के दौरान एक स्कूटी में भी आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि एक की हालत गंभीर बनी हुई है. एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. घायलों की पहचान निधि (15 वर्ष) पुत्री स्व. वीरेंद्र, प्रिया (17 वर्ष) पुत्री बलराम सिंह, मुकेश राम (38 वर्ष) पुत्र अजय राम, पवित्र (41 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह, सभी निवासी छिजारसी कॉलोनी, तथा रवि चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, घायलों में रवि चौधरी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य चार घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. हादसे में एक स्कूटी भी आग की चपेट में आ गई. पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है. मौके पर शांति और कानून व्यवस्था कायम है. इससे पहले नोएडा के ममूरा सेक्टर 66 स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई है, जिसमें एक महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस आग में करीब 50 परिवार फंसे हुए थे, जिन्हें फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकला गया. जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक व्हीकल में शार्ट सर्किट होने के बाद आग लगी थी. आग नीचे से ऊपर की तरफ बढ़ी, जिसके चलते लोग पीजी से बाहर नहीं निकाल पाए, लोगों को दूसरी बिल्डिंग से रेस्क्यू कर बाहर निकला गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *