बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री काजोल इन दिनों कोलकाता में हैं और उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों के बीच हलचल मचा दी है। शुक्रवार सुबह बारिश के बीच जब काजोल दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचीं, तो उनकी सादगी और पूजा-अर्चना के अंदाज ने सबका दिल जीत लिया। उनके इस अचानक दौरे ने अब फिल्म गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। काजोल शुक्रवार सुबह पूरी श्रद्धा के साथ दक्षिणेश्वर मंदिर पहुंचीं। इस दौरान वह लाल रंग के को-ऑर्ड सेट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। आंखों पर स्टाइलिश सनग्लास और हाथ में पूजा की डलिया लिए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। मंदिर परिसर में काजोल के इस सादगी भरे अवतार ने प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। काजोल के मंदिर पहुंचते ही वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। उन्हें देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए फैंस काफी उत्साहित दिखे। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और काजोल को सुरक्षित गर्भगृह तक पहुँचाया। उन्होंने पूरे विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना की और फिर सीधे अपनी कार में सवार होकर वहां से निकल गईं। काजोल गुरुवार को रथयात्रा के मौके पर कोलकाता पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर मीडिया के कैमरों ने उन्हें स्पॉट किया था, जहां उन्होंने मुस्कुराते हुए सबका अभिवादन तो किया, लेकिन अपनी यात्रा के मकसद पर चुप्पी साधे रखी। अब मंदिर दर्शन के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वह अपनी किसी आगामी फिल्म या बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा कोलकाता की पावन धरती से करने वाली हैं? यह पहली बार नहीं है जब काजोल ने दक्षिणेश्वर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इससे पहले भी वह अपनी मां तनुजा और बेटे के साथ यहां आकर आशीर्वाद ले चुकी हैं। अभिनेत्री का मां काली के प्रति गहरा लगाव जगजाहिर है। हालांकि, इस बार का यह दौरा व्यावसायिक है या केवल निजी आस्था का हिस्सा, इसका खुलासा फिलहाल उन्होंने नहीं किया है।
