पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहारामपुर में शुक्रवार सुबह एक भीषण रेल हादसा हो गया। कर्णसुबर्ण रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर स्कूल जा रही एक वैन को ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन स्कूली छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन छोटे बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान वैन रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल बच्चों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
