पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में सोमवार को पत्रकारों, रिपोर्टरों, कैमरापर्सन और फोटो जर्नलिस्टों ने मीडियाकर्मियों पर हुए कथित हमले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी धर्मतला की सड़कों पर उतरे और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। दरअसल, 24 जुलाई को धर्मतला में NEET पेपर लीक के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा पत्रकारों पर कथित रूप से हमला किया गया था। आरोप है कि कवरेज कर रहे रिपोर्टरों और फोटोपत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, कई मीडियाकर्मियों के कैमरों और अन्य उपकरणों को भी निशाना बनाकर नुकसान पहुंचाया गया। इसी घटना के विरोध में सोमवार को मीडिया जगत के लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना से नाराज पत्रकार धर्मतला चौराहे पर एकत्र हुए और विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों पर हमला केवल मीडिया पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी हमला है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे, तो निष्पक्ष रिपोर्टिंग प्रभावित होगी। प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने राज्य प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, फील्ड में रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *