गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हावड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध बेलूर मठ पहुंचकर रामकृष्ण मठ एवं मिशन के प्रेसिडेंट महाराज स्वामी गौतमानंद जी और महासचिव स्वामी सुवीरानंद जी महाराज से मुलाकात की। मठ में प्रवेश के बाद मुख्यमंत्री सीधे मुख्य कार्यालय गए और तत्पश्चात प्रेसिडेंट महाराज के कक्ष में पहुंचकर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रेसिडेंट महाराज को कमल की माला और मां काली की मूर्ति भेंट की। दोनों के बीच राज्य के विकास और लोक-कल्याण के मुद्दों पर भी कुछ देर चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बेलूर मठ परिसर स्थित मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना की और अन्य मंदिरों का भ्रमण किया। गुरु पूर्णिमा का पर्व होने के कारण सुबह से ही बेलूर मठ परिसर में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हावड़ा सिटी पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बेलूर मठ में अपने सभी कार्यक्रम संपन्न करने के बाद वे कोलकाता के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा के शुभ दिन बेलूर मठ आकर परम पूज्य संतों का आशीर्वाद मिलना परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने मुख्य मंदिर में राज्य और देश की शांति, समृद्धि तथा जन-कल्याण की प्रार्थना करते हुए उम्मीद जताई कि रामकृष्ण देव, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद जी के आदर्श हमेशा समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *