पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यह हादसा खोपोली के पास हुआ. यहां तेज रफ्तार कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें तीन युवा छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल घायल को खालापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी छात्र IIT बॉम्बे के थे. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर के बाद आसपास के लोगों और गुजरने वाले वाहनों में अफरा-तफरी मच गई. घायल छात्र को तुरंत खालापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कलंबोली स्थित MGM अस्पताल में रखा गया है. मृतक छात्रों की पहचान नासिक के रहने वाले ओमकार बोरसे (22), लय देशभारत (23) और जयपुर के श्रेयश शर्मा (22) के रूप में हुई है. सभी छात्र अपने-अपने शहरों से मुंबई पढ़ाई के लिए आए थे. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिससे लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. शुरुआती जांच में ये आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ है.
