आईपीएल 2026 के आखिरी यानी 70वें लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया. पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बोर्ड पर लगाए थे. चेज करते हुए कोलकाता 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई. इस दौरान दिल्ली के लिए लुंगी एंगिडी और कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए. बता दें कि प्लेऑफ के लिहाज से इस मैच के कोई मायने नहीं थे. दोनों ही टीमें पहले ही एलिमिनेट हो चुकी थीं. अब 26 मई से प्लेऑफ मैचों की शुरुआत होगी. मुकाबले में केकेआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था. टीम का यह फैसला बिल्कुल भी सही साबित नहीं हुआ. पहले बैटिंग करने वाली दिल्ली के लिए केएल राहुल ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 30 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 60 रन स्कोर किए. राहुल के अलावा दिल्ली के लिए अभिषेक पोरेल ने 22 रन, साहिर परख ने 24 रन, कप्तान अक्षर पटेल ने 39 रन, डेविड मिलर ने 28 रन और आशुतोष शर्मा ने 18 रन बनाए. ट्रिस्टन स्टब्स बिना खाता खोले क्रीज पर रहे. दिल्ली के लिए यह पहला ऐसा मौका था कि जब टीम ने बगैर किसी 50 रनों की साझेदारी के 200 से बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया था. चेज करते हुए कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 39 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए. इसके अलावा सभी बल्लेबाज लगभग फ्लॉप नज़र आए. फिन एलन ने 20 रन, मनीष पांडे ने 25 रन, कैमरून ग्रीन ने 02 रन, तजस्वी दहिया ने 01 रन, अनुकूल रॉय ने 09 रन, वरुण चक्रवर्ती ने 05 रन और सौरभ दुबे ने 04* रन बनाए. रिंकू सिंह और कार्तिक त्यागी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. प्लेऑफ के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने क्वालीफाई किया. आरसीबी टॉप-4 में जगह बनाने वाली सबसे पहली टीम बनी थी. वहीं राजस्थान क्वालीफाई करने वाली चौथी टीम बनी.
