प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।बैठक में पार्टी के संगठनात्मक मुद्दों, युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति समेत कई अहम विषयों पर चर्चा  की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी की यह बैठक बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद हो रही है। बैठक में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दे सकते हैं।पार्टी की ओर से युवाओं के साथ संवाद और संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।  प्रधानमंत्री मोदी की बैठक से एक दिन पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक में नए पदाधिकारियों के साथ पार्टी के पुराने पदाधिकारियों को भी बुलाया गया था। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं को युवाओं के साथ ज्यादा से ज्यादा संवाद और जुड़ाव बढ़ाने के निर्देश दिए।उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि संगठन की गतिविधियों को युवाओं तक पहुंचाया जाए और उनके विचारों को समझने के लिए लगातार संवाद किया जाए। पार्टी का फोकस युवा वर्ग के बीच अपनी पहुंच और संगठनात्मक उपस्थिति बढ़ाने पर है। बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए काम करें। प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक को संगठन की आगामी दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं से संपर्क, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *