केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ने के बाद देर शाम उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। बताया गया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब थी। जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एम्स में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है और किसी तरह की गंभीर स्थिति की जानकारी नहीं है। केंद्रीय मंत्री को बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। मांझी को देर शाम एम्स के आपातकालीन विभाग में लाया गया। इसके बाद रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। गौरतलब है कि मांझी की तबीयत इससे पहले पटना में भी खराब हुई थी। उन्हें तेज बुखार के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर वह दिल्ली रवाना हुए थे। हालांकि, दोबारा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। मांझी की स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मांझी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता देखी जा रही है। जीतन राम मांझी बिहार के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं। वह केंद्र सरकार में एमएसएमई मंत्री हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी लोगों की नजर बनी हुई है।
