केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले की ओर से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) में शामिल होने का प्रस्ताव दिए जाने के बाद अब दिपके की प्रतिक्रिया सामने आई है. रामदास आठवले की पार्टी RPI (A) केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है. आठवले ने अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया था, जिस पर CJP संस्थापक ने अपना जवाब दिया है. दीपके ने इंस्टाग्राम पर हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट शेयर करते हुए लिखा, “अभी एक महीने पहले तो मैं तुम्हारे लिए एंटी-नेशनल था?” दरअसल, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने बीते 17 अगस्त को कहा था कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा करने और समाज के साथ ही पार्टी को मजबूत करने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके को आरपीआई (ए) में शामिल हो जाना चाहिए. आठवले ने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि अभिजीत दीपके अंबेडकरवादी हैं. वह युवा और सक्रिय हैं. उन्हें रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (A) में शामिल होने पर विचार करना चाहिए.” उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का मानना ​​है कि गलत काम करने वालों को सजा मिलनी चाहिए। इसलिए, उन्हें सत्ताधारी गुट में शामिल होना चाहिए.” आठवले की बातों से ऐसा लगा कि वह पिछले महीने जंतर-मंतर पर CJP और छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों का ज़िक्र कर रहे थे. ये प्रदर्शन परीक्षा के पेपर लीक होने, छात्रों की आत्महत्या और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांगों को लेकर हुए थे. लगातार दबाव के कारण 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा. इसके बाद प्रह्लाद जोशी ने यह जिम्मेदारी संभाली. उस समय प्रधान ने इस कदम के लिए ‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’ को जिम्मेदार ठहराया था. उन्होंने X पर लिखा था, “जंतर-मंतर और देश भर के हालात को देखते हुए, और इस मकसद से कि देश-विरोधी ताकतें इसका गलत फायदा न उठा सकें, देश की एकता बनी रहे, किसी भी भारतीय छात्र का भविष्य कानूनी उलझनों में न फंसे, और हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई और करियर बनाने पर लगा सकें, मैंने माननीय प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है.”

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *