प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बता दें कि कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में रात करीब 2 बजे आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं। आग लगने की सूचना के बाद पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें भी बचाव कार्य में शामिल हुईं। कोलकाता पुलिस ने बताया कि काफी देर तक चले मुश्किल बचाव अभियान के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिसकर्मियों ने होटल से लगभग 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
