पश्चिम बंगाल में बड़ी सियासी उथल-पुथल जारी है। बुधवार सुबह डेरेक ओ ब्रायन और अभिषेक बनर्जी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। यह घटना क्रम टीएमसी चीफ ममता बनर्जी और कांग्रेस संरक्षक सोनिया गांधी की मुलाकात के अगले ही दिन हुआ है। इधर टीएमसी में जारी भगदड़ के बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि टीएमसी का कांग्रेस में विलय हो सकता है। फिलहाल दिल्ली में टीएमसी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले ताबड़तोड़ टीएमसी सांसदों के इस्तीफों के बीच ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पार्टी बचाने में जुटे हैं। सोमवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। इस बैठक में सोनिया गांधी और ममता बनर्जी गर्मजोशी से गले मिले। मंगलवार को ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से खास मुलाकात की। इधर बुधवार सुबह ही अभिषेक बनर्जी राहुल गांधी से मिलने पहुंच गए। अभिषेक बनर्जी के साथ टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन भी हैं। ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और राहुल गांधी की यह मुलाकात दिल्ली के 10 जनपथ आवास पर हो रही है। इधर इन मुलाकातों के बीच कांग्रेस में टीएमसी के विलय की अटकलें तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी जब 10 जनपथ पहुंचे तो उनके हाथ में एक मोटी फाइल थी। इस फाइल में दोनों दलों के मर्जर होने के दस्तावेज होने के दावे किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि लगातार जिस तरह से टीएमसी के सांसद पार्टी छोड़कर अलग हो रहे हैं और अलग गुट बना रहे हैं। इसी बीच पार्टी के दो फाड़ होने से बचाने के लिए ममता बनर्जी कांग्रेस में टीएमसी का विलय करने जा रही हैं ताकि पार्टी की कमान उनके हाथों से निकलकर टीएमसी के बागियों के हाथ न जाए। सूत्रों ने बताया कि 24 घंटे के अंदर गांधी और बनर्जी परिवार की यह मुलाकात विलय को लेकर ही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान की ओर से ममता बनर्जी को तृणमूल कांग्रेस का कांग्रेस में विलय करने का ऑफर दिया गया था। इस पर ममता बनर्जी ने चर्चा के बाद विलय का फैसला लिया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *