पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत की सराहना करते हुए राज्य के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। अमित शाह ने कहा कि बंगाल ज्ञान, विज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिकता की भूमि है, जिसने भक्ति आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम, बंगाल पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण के हर चरण में अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र धरती देश को अनेक महान विभूतियाँ देने वाली रही है। अपने संदेश में गृह मंत्री ने स्वामी विवेकानंद, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान हस्तियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों की विचारधारा और योगदान आज भी देश को प्रेरणा दे रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल अपनी गौरवशाली विरासत और वैभव को पुनः प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा। अपने संदेश के अंत में गृह मंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *