बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों कोलकाता दौरे पर हैं। शहर पहुंचते ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राज्य में फिल्म, संस्कृति और कला के विकास को लेकर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद अनुपम खेर ने बंगाल में एक आधुनिक एक्टिंग स्कूल स्थापित करने की इच्छा भी जाहिर की। मीडिया से बातचीत में अनुपम खेर ने कहा कि बंगाल प्रतिभाओं की धरती है और यहां अभिनय सीखने के इच्छुक युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर सकारात्मक बातचीत हुई और उन्हें इस पहल के लिए अच्छा सहयोग मिलने की उम्मीद है। अनुपम खेर ने बताया कि वह करीब 26 वर्षों के अंतराल के बाद फिर से एक बंगाली फिल्म में अभिनय कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म का नाम ‘शुरू ते शुरू’ है। इससे पहले उन्होंने प्रसिद्ध निर्देशक ऋतुपर्णो घोष की फिल्म ‘बारीवाली’ में काम किया था। उन्होंने कहा कि बंगाल से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहा है और यहां काम करना उनके लिए विशेष अनुभव है। अनुपम खेर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की विकास संबंधी पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिशें सराहनीय हैं और कला व संस्कृति के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खुल सकती हैं। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस की वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। उन्होंने मजाक में कहा कि अनुपम खेर के सिर पर बाल उग सकते हैं, लेकिन तृणमूल की वापसी नहीं होगी। इस पर अनुपम खेर ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “क्या आप सच में मेरे सिर पर बाल उगते देखना चाहते हैं?”, जिससे माहौल हल्का हो गया।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *