हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर का युवा भारतीय वायु सेना में अधिकारी बना है। बड़सर क्षेत्र के पाहलू निवासी निश्चल पटियाल ने बेंगलुरू में फ्लाइंग ऑफिसर का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्ति हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में खुशी की लहर है। निश्चल की सफलता पर उन्हें बधाई देने के लिए घर पर लोगों का पहुंचना लगातार जारी है। निश्चल पटियाल ने प्रशिक्षण के दौरान कड़ी मेहनत और लगन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। भारतीय वायु सेना में अधिकारी के रूप में चयन उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि से पाहलू पंचायत ही नहीं, बल्कि जिला हमीरपुर और पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। निश्चल पटियाल के पिता बलवंत सिंह पटियाल एक इंटरनेशनल होटल में असिस्टेंट मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता सरोज कुमारी सरकारी स्कूल बैरी में अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। परिवार के सदस्यों ने निश्चल की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। निश्चल की नियुक्ति की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने परिवार को बधाई दी।  लोगों ने उम्मीद जताई कि निश्चल भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *