पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने नंदीग्राम सीट से पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दिवंगत पूर्व पीए चंद्रनाथ रथ की मां हंसिरानी रथ को मैदान में उतारा है। वहीं, मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट से शाखा रव सरकार को प्रत्याशी बनाया गया है।प्रत्याशी की घोषणा के बाद मंगलवार को ही हल्दिया के कदमंतला में हंसिरानी रथ के समर्थन में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद शिरकत की और हुंकार भरी कि नंदीग्राम में बीजेपी अप्रत्याशित मार्जिन से जीत हासिल करेगी। हल्दिया में उप-विभागीय अधिकारी (SDO) कार्यालय में हंसिरानी रथ के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि दिवंगत चंद्रनाथ रथ का सबसे बड़ा अपराध यह था कि वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष (स्वयं सुवेंदु अधिकारी) की सहायता करते थे। इसी वजह से उन्हें रास्ते से हटा दिया गया। बीजेपी ने अब उनके सम्मान में उनकी मां हंसिरानी रथ को प्रत्याशी बनाया है।सुवेंदु अधिकारी ने चुनावी प्रबंधन और अपनी जीत का दावा दोहराते हुए कहा, “मैं चुनाव कराना जानता हूं। आज बोलकर जा रहा हूं, नंदीग्राम में बीजेपी ऐसे मार्जिन से जीतेगी, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की होगी। बाकी बात समय खुद बताएगा।” जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक मतदाताओं को संबोधित करते हुए एक अहम संदेश दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा, “जो मुझे और बीजेपी को वोट नहीं देते, यानी अल्पसंख्यक समाज, उनसे मैं कुछ कहना चाहता हूं। नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यकों के पास एक मौका आया है। आप सरकार के साथ रहना चाहते हैं या नहीं? आप मुख्यमंत्री के साथ रहना चाहते हैं या नहीं? हाथ से हाथ मिलाकर काम करना चाहते हैं या नहीं?”उन्होंने आगे कहा कि 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यकों के लिए एक परीक्षा की तरह हैं और इसमें पास होना है या फेल, इसका फैसला उन पर ही निर्भर करता है। सुवेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2021 के चुनावों में वह उन्हें हराने आई थीं, लेकिन उन्होंने ममता बनर्जी को हराकर वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि इस बार वह गंगा पार करके उनके गढ़ में भी उन्हें हराकर आए हैं।नंदीग्राम की जनता को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा, “नंदीग्राम की जिम्मेदारी मेरी है। यहां के हर व्यक्ति के सिर पर छत, हाथ में काम और पेट में भात मेरा संकल्प है, जिसे मैं हर हाल में पूरा करूंगा।” उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। नियमानुसार एक सीट छोड़ने के कारण उन्होंने अपनी पारंपरिक नंदीग्राम सीट खाली कर दी थी, जिससे यह सीट विधायक विहीन हो गई थी। वहीं रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार दोनों सीटों पर आगामी 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *