दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार तड़के हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. हालांकि लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ. खासकर ऑफिस और स्‍कूल-कॉलेज जानेवालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. IMD का कहना है कि 10 जुलाई तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है. गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन की ओर से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यातायात सामान्य बना रहे. IMD के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे राजधानी का तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवाएं लगभग शांत रहीं. मौसम विभाग का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और उमस में भी कमी होगी. बुधवार को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क यातायात और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं राजस्थान के डूंगरपुर में गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश ने कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया. पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे इलाकों में तीन फीट से अधिक पानी भरने की सूचना है. मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मानसून ने पूरे भारत को कवर कर लिया। सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह एक दिन की देरी से देश के सभी हिस्सों में सक्रिय हुआ। इसके साथ ही कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उत्तरप्रदेश में गुरुवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, बुलंदशहर सहित करीब 50 शहरों में तेज बारिश दर्ज की गई। नोएडा के कई इलाकों में सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। वहीं गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण करीब 10 फीट सड़क धंस गई, जिसमें एक कार और एक बाइक गड्ढे में समा गई। लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नालूपानी और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं टिहरी जिले में एनएच-707A पर दुकानों के समीप भूस्खलन के कारण एक मकान ढह गया। प्रशासन के अनुसार आसपास के दो से तीन मकानों पर भी खतरा बना हुआ है। राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात लगातार बारिश के कारण एक मकान गिर गया। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे पति-पत्नी समेत लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के बाद पातालगंगा नदी में आई बाढ़ के कारण पनवेल स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब 3 हजार एलपीजी सिलेंडर बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें हाथ न लगाएं और तत्काल प्रशासन को सूचना दें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई राज्यों में मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *