दिल्ली के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार को CNG पंप पर उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब CNG भरवाने पहुंचे एक ट्रक में जोरदार धमाका हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक में लगा गैस सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ट्रक में CNG भरी जा रही थी, तभी अचानक उसका गैस टैंक जोरदार आवाज के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद पंप परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। हादसे में तीन लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतक की पहचान बाबा हरिदास कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय मनीष के तौर पर हुई है। अन्य मृतकों में निजामपुर गांव निवासी ब्रह्मजीत और सन्नी शामिल हैं। वहीं घायलों में सुरजीत, संजय और विपिन शामिल हैं। घायलों को मुंडका के सीबी ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। ये सभी सीएनजी पंप के कर्मचारी हैं। दमकल विभाग से जानकारी के अनुसार, घटना टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सीएनजी पंप पर शाम करीब साढ़े तीन बजे हुई। ट्रक में सीएनजी भरने के दौरान अचानक उसके सिलेंडर में धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां, एक वाटर बाउजर और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। धमाके की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 3:37 बजे मिली। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और फायर टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पंप परिसर में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए। फिलहाल सिलेंडर फटने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें ट्रक, CNG भरने की प्रक्रिया और पंप पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या गैस टैंक से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। धमाके के बाद सुरक्षा को देखते हुए दमकल कर्मियों ने एहतियाती कदम उठाए और घटनास्थल को सुरक्षित किया। फिलहाल राहत और जांच का काम जारी है। इस हादसे ने CNG स्टेशन पर वाहनों में गैस भरने के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
