राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार देर रात एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले इमारत की पार्किंग में खड़ी टू-व्हीलर गाड़ियों में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुआं ग्राउंड फ्लोर से लेकर ऊपर की मंजिलों तक फैल गए, जिससे अफरातफरी मच गई। फायर विभाग के अनुसार, गुरुवार देर रात 2:35 से 2:37 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली थी। घटनास्थल तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर 1 में स्थित एक रिहायशी इमारत थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आग में कई लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते फायरफाइटर्स ने छत का ताला काटकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लगभग 3:45 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। फायर विभाग के अनुसार पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल पूरी तरह जल गईं। इमारत में कुल 9 परिवार रहते हैं, जिनमें से कुछ लोग घटना के समय बाहर थे। हादसे के वक्त लगभग 20 से 22 लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के बाद ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और साड़ियों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। संकरी गली में स्थित इमारत होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। फायर टीम ने छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *