महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शुक्रवार को 3.3 तीव्रता का भूकंप आया. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 7:46 बजे अचनाक लोगों को भूकंप का झटका महसूस हुआ. भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के गढ़ाला गांव की सीमा के अंदर लगभग 7 किलोमीटर की गहराई में था. भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर खुले मैदान में आ गए. जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार भूकंप सुबह करीब सात बजकर 46 मिनट पर आया. इसका केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गढ़ाला क्षेत्र में जमीन से सात किलोमीटर की गहराई में था. भूकंप के दौरान गड़गड़ाहट जैसी आवाज भी सुनाई दी. जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. इससे पहले 30 सितंबर को कर्नाटक के विजयपुरा जिले में देर रात 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था. कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) ने बताया कि भूकंप का केंद्र बसवन बागेवाड़ी से 3.9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था. केएसएनडीएमसी के अनुसार भूकंप रात दो बजकर चार मिनट पर जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में आया था. इसका केंद्र 16.604 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.990 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. आपदा निगरानी केंद्र ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम थी और इसका झटका भूकंप के केंद्र से 50 से 60 किलोमीटर के दायरे तक महसूस किया जा सकता था. भूकंप का केंद्र हुनाश्याल ग्राम पंचायत से 7.8 किलोमीटर पश्चिम, हुविना हिप्परागी ग्राम पंचायत से 11.2 किलोमीटर पश्चिम, अलमट्टी बांध से 31 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और विजयपुरा शहर से 38 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था. केएसएनडीएमसी ने कहा, “इस तरह के भूकंप से स्थानीय समुदाय को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि दर्ज की गई तीव्रता कम है, हालांकि स्थानीय स्तर पर कंपन महसूस हो सकता है.” केंद्र के निदेशक ने कहा, “लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भूकंप की तीव्रता और कंपन दोनों ही कम दर्ज किए गए हैं.”
