मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला तेज होने लगा है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ऐलान किया है कि अगर ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को देशभर से लोग दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे. संगठन ने यह घोषणा शनिवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद की है. CJP का दावा है कि मुंबई में भारी पुलिस पाबंदियों के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुटे और चुनावी मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग की. CJP के मुताबिक, शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की. संगठन का कहना है कि मुंबई का प्रदर्शन देशभर में चल रहे नागरिक आंदोलन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है. अब इसी आंदोलन को दिल्ली तक ले जाने की तैयारी की जा रही है. CJP के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकती है तो जिस स्थान पर उन्हें रोका जाएगा, वहीं से प्रदर्शन जारी रखा जाएगा. संगठन ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया है. अभिजीत दिपके ने कहा कि आंदोलन अहिंसक रहेगा और महात्मा गांधी के बताए रास्ते से प्रेरणा लेते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा. उन्होंने सरकार और दिल्ली पुलिस से शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने की अपील की. उन्होंने 20 जुलाई को हुए कथित पुलिस बल प्रयोग का भी जिक्र किया और कहा कि आगामी प्रदर्शन में किसी तरह की हिंसा नहीं चाहता. संगठन ने कहा कि आंदोलन चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों के भरोसे से जुड़ा हुआ है. CJP नेतृत्व ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने और चुनाव आयोग के प्रमुख के इस्तीफे की मांग दोहराई. संगठन का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर लगाए जाने वाले प्रतिबंध आंदोलन को रोक नहीं पाएंगे. पिछले प्रदर्शनों और हालिया हिरासत की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आंदोलन से जुड़े लोग अपनी मांग को लेकर आगे भी प्रदर्शन जारी रखेंगे. अभिजीत दिपके ने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है. उन्होंने उन लोगों से 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग का समर्थन करते हैं.
