पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिशचंद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित दौलतनगर गांव की दो महिलाएं बुधवार को घास काटने के लिए अमदाबाद थाना क्षेत्र के दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत बहरसाल दियारा गई थीं. इसी दौरान दोनों पर हमला किया गया, जिसमें चंद्रिका मंडल की मौत हो गई, जबकि रूम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला का इलाज मालदा के एक अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को मनिहारी के प्रभारी डीएसपी आसिफ आलम, अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार, अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. एफएसएल टीम ने घटनास्थल के अलग-अलग स्थानों से कई सैंपल एकत्र किए. इन साक्ष्यों को जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है, ताकि हत्या की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. प्रभारी डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि यह हत्या का मामला है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के दौलतनगर निवासी 30 वर्षीय चंद्रिका मंडल के रूप में हुई है. बताया गया कि उनके पति दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने गए हैं. चंद्रिका मंडल अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गई हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हमले में घायल 28 वर्षीय रूम्पा मंडल का इलाज मालदा के एक अस्पताल में चल रहा है. पुलिस घायल महिला से भी घटना के संबंध में जानकारी लेने की तैयारी कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जा सके. दुर्गापुर पंचायत के मुखिया गोपाल प्रसाद सिंह भी पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी ली और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की. हरिशचंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रतन दास ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस गंभीर घटना को लेकर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिये. अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *