भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर SAFF वीमेंस चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है. यह कुल छठी बार है, जब भारत की महिला फुटबॉल टीम ने यह ट्रॉफी जीती है. खिताबी भिड़ंत गोवा स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई. इससे पहले भारत 2010 से लेकर 2019 तक लगातार 5 बार चैंपियन बना था. फाइनल मैच का पहला गोल भारत की तरफ से हुआ, जब 42वें मिनट में प्यारी खाखा ने टीम इंडिया को 1-0 से बढ़त दिलाई. पहले हाफ के एक्स्ट्रा टाइम में ऋतु चकमा ने गोल करते हुए बांग्लादेश को 1-1 से बराबरी पर ला खड़ा किया. वहीं जब दूसरा हाफ शुरू हुआ, तो पहले ही मिनट में सनफिदा नोंग्रम ने भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई. मुकाबले का आखिरी गोल भारत की तरफ से हुआ, जब 82वें मिनट में लिंडा कॉम ने भारत को 3-1 से बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही. इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 1-0 के करीबी अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश पाया था. भारत की महिला फुटबॉल टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही. ग्रुप स्टेज में अपने दोनों मैच जीतकर टॉप किया, फिर सेमीफाइनल में भूटान और फाइनल में बांग्लादेश को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन वीमेंस कप (SAFF Women’s Cup) की शुरुआत साल 2010 में हुई थी. उसके बाद 2016 तक प्रत्येक 2 साल के अंतराल पर यह टूर्नामेंट आयोजित होता रहा और हर बार टीम इंडिया ट्रॉफी उठाती रही. 2016 के तीन साल बाद 2019 में फिर से आयोजन हुआ, लेकिन इस बार भी भारत चैंपियन बना. साल 2022 और 2024 में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक ही पहुंच पाई, लेकिन 2026 में टीम इंडिया ने 7 साल के खिताबी सूखे का अंत किया. भारत के अलावा केवल बांग्लादेश ही ऐसी टीम है, जिसने यह खिताब जीता है. 2022 और 2024 की चैंपियन बांग्लादेश खिताबी हैट्रिक लगाना चाहती थी, लेकिन टीम इंडिया ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *