कश्मीर संभाग के शोपियां के अखनार इलाके में बुधवार को बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात रहे, लेकिन कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है। जम्मू संभाग के कई जिलों में मानसून की बारिश का सिलसिला जारी है। नदी नालों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के देवाल, धर्मथल आदि हिस्सों में लगातार हो रहा भूस्खलन चुनौती बना हुआ है, मगर यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। इस बीच बारिश से कटड़ा-सांझीछत हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित रही। घाटी में तपिश से कोई राहत नहीं मिल पाई है। राजधानी श्रीनगर बुधवार को जम्मू से अधिक गर्म रहा, जबकि जम्मू संभाग के कई जिलों में बारिश से दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री नीचे चला गया है। जम्मू में मंगलवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री गिरकर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला ऊधमपुर के कई हिस्सों में बारिश हुई। कठुआ में भी बारिश से नदी नालों में जलस्तर बढ़ गया। विशालकाय चीड़ का पेड़ गिरने से महानपुर-बिलावर 33 केवी क्षतिग्रस्त हो गई। बनी-बसोहली मार्ग पर सुबह भूस्खलन के कारण पांच घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। रियासी, राजौरी, पुंछ, बनिहाल-रामबन, किश्तवाड़ तथा आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश होती रही। जम्मू संभाग के बनिहाल में अधिकतम तापमान 23.2, बटोत में 23.7, कटड़ा में 24.6 और भद्रवाह में 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.6, पहलगाम में 25.2,गुलमर्ग में 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री माता वैष्णो देवी के ताराकोट मार्ग पर भूस्खलन और बारिश के कारण बुधवार रात आठ बजे श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। यात्रा मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। यात्रा को रोके जाने के दौरान करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि कटड़ा आधार शिविर में पांच से आठ हजार श्रद्धालु रुके हुए थे। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार वीरवार सुबह मौसम के मुताबिक यात्रा को बहाल किया जाएगा। इससे पहले श्राइन बोर्ड द्वारा दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित रखा गया। जिसके बाद थोड़ी देर यात्रा बहाल रखी गई।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *