राजस्थान के झालावाड़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। सारोला थाना क्षेत्र में पातला पीर धार्मिक स्थल के पास एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु पातला पीर धार्मिक स्थल पर दर्शन करने के बाद वापस लौटने की तैयारी में सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही निजी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और छह श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन लोगों की शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। हादसे में रामगंजमंडी और कोटा क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालुओं की जान गई है। मृतकों में हामिद खान, तालिब, रेहान और अल्फेज शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। जिस बस से दुर्घटना हुई, वह भी श्रद्धालुओं को पातला पीर लेकर आई थी और वापस लौटते समय सड़क किनारे खड़े लोगों से जा टकराई। शुरुआती तौर पर बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और ढलान की वजह से बस का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने हादसे की वजह को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *