कोलकाता के बागुईआटी इलाके में मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि ऐप बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वीआईपी रोड पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान राजा रथी (65) के रूप में हुई है। वह मंगलवार की रात बड़ा बाजार से ऐप मोटरसाइकिल के जरिए अपने घर नारायणतला लौट रहे थे। उल्टाडांगा से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले फ्लैंक पर एक ट्रक ने कथित तौर पर बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक की पिछली सीट पर बैठे राजा रथी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ऐप बाइक चालक शिवेश झा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद केष्टपुर और बागुईआटी इलाके में तनाव फैल गया। गुस्से स्थानीय लोगों ने कोलकाता के वीआईपी रोड को जाम कर विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर बागुईआटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर कथित तौर पर पथराव किया गया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया।
