कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के बरानगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान आराध्या साहू (9) और आरव साहू (6) के रूप में हुई है। दोनों अपने पिता अभिषेक साहू के साथ स्कूटर से डनलप स्थित एक निजी स्कूल जा रहे थे। दुर्घटना बरानगर के अनन्या सिनेमा हाल के निकट बीटी रोड पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे स्टोन चिप्स पड़े थे। उन्हें बचाने के प्रयास में स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बरानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक साहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि स्कूटर पर सवार तीनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। सड़क किनारे स्टोन चिप्स रखे जाने की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में भी बरानगर के सबेदाबागान बस स्टाप के पास बीटी रोड पर एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से इसी निजी स्कूल के दो विद्यार्थियों की मौत हुई थी। लगभग एक दशक बाद उसी स्कूल के दो बच्चों की सड़क हादसे में मौत से विद्यालय और इलाके में शोक का माहौल है।
