विजयादशमी की शाम कोलकाता के न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला गेट के ऊपर बने झूलते रेस्तरां में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय रेस्तरां में कर्मचारियों समेत करीब 50 लोग मौजूद थे। दमकल और पुलिस की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6.30 बजे रेस्तरां के निचले हिस्से में आग लगी। देखते ही देखते वहां से आग की लपटें उठने लगीं। नीचे सड़क पर चिंगारियां गिरती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास यातायात नियंत्रित कर दिया। इससे कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर रेस्तरां में मौजूद लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा और आग पर काबू पाया। ऊंचाई पर स्थित रेस्तरां तक पहुंचने के लिए बचाव कर्मियों को विशेष इंतजाम करने पड़े। प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को रेस्तरां का सुरक्षा आडिट कराने का निर्देश दिया है, ताकि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की जांच की जा सके।
