घरेलू गैस उपभोक्ता 16 अगस्त के बाद से एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे, अगर उन्होंने गैस कनेक्शन एक्टिव रखने के लिए e-KYC नहीं कराया है। इतना ही नहीं, एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा। एलपीजी सिलेंडर के कनेक्शन को एक्टिव रखने के लिए पुराने और नए सभी ग्राहकों के लिए e-KYC कराना जरूरी है। वहीं जिन घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने हाल ही में e-KYC कराया है, उन्हें दोबारा करवाने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए e-KYC कराना जरूरी है। इसके साथ ही भारत गैस, इंडेन और एचपी तीनों कंपनियों के गैस उपभोक्ताओं के लिए e-KYC कराना जरूरी है। ग्राहक 16 अगस्त तक ही एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके बाद e-KYC कराने के बाद ही सिलेंडर की बुकिंग की जा सकेगी। एलपीजी गैस कनेक्शन को एक्टिव रखने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से e-KYC किया जा सकता है। e-KYC के लिए आपके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक फोटो का होना जरूरी है। अगर आप ऑफलाइन e-KYC कराना चाहते हैं तो आपको इसके लिए गैस एजेंसी के ऑफिस जाना होगा। e-KYC कराने जाते वक्त जरूरी डॉक्यूमेंट्स ले जाना न भूलें। आप घर बैठे भी e-KYC कर सकते हैं। इसके लिए गैस उपभोक्ताओं को एजेंसी की वेबसाइट पर जाकर e-KYC करना होगा। एचपी गैस सिलिंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहक एचपी पे ऐप पर e-KYC कर सकते हैं। भारत गैस सिलिंडर के उपभोक्ता हेलो बीपीसीएल ऐप पर e-KYC कर सकते हैं। इंडेन सिलिंडर के ग्राहक इंडेन ऑयल वन एप के जरिए e-KYC कर सकते हैं।
