उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) के सीनियर नेता पार्टी के कुछ लोकसभा सांसदों से फोन पर संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। सांसदों के फोन बंद आ रहे हैं। इस बीच, पार्टी के अंदर मतभेद की अटकलें तेज हो गई हैं और कई अहम नेता राष्ट्रीय राजधानी पहुंच रहे हैं और कुछ पहुंच गए हैं। यह भी कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे आज मुंबई से दिल्ली पहुंचेंगे। उद्धव ठाकरे और पार्टी के दूसरे सीनियर नेता सांसदों को मनाने की व्यक्तिगत कोशिशें कर रहे हैं। कुछ सांसदों के बारे में कहा जा रहा है कि उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। पार्टी ने दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक बुलाई है और उद्धव गुट के कई सांसद राजधानी जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे गुट के सांसद आज सुबह श्रीकांत शिंदे के दिल्ली स्थित आवास पर मिलने वाले हैं। इस बैठक में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे के मौजूद रहने की संभावना है। बैठक के बाद इन सांसदों के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने की संभावना है। सांसद पहले लोकसभा के अंदर एक अलग गुट बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे, जिसके बाद इस गुट का विलय एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में कर दिया जाएगा।। ऐसी अटकलें हैं कि ये 6 UBT सांसद अगले कुछ दिनों में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र सौंपकर एक अलग गुट बना सकते हैं। इन खबरों के बीच, शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने X पर पोस्ट किया कि अपना सपना मनी मनी! यह चौंकाने वाली और घिनौनी बात है कि महाराष्ट्र के सांसदों को पाला बदलने के लिए आज रात 15-15 करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही है।” शिवसेना के पदाधिकारियों ने बताया कि UBT शिवसेना के परभणी सांसद संजय जाधव को केंद्र में मंत्री पद का वादा किया गया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए बड़ी धनराशि का आश्वासन दिया गया है। हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर को भी उनके निर्वाचन क्षेत्र के लिए फंड और 2029 में फिर से चुनाव लड़ने का टिकट देने का आश्वासन दिया गया है। उद्धव ठाकरे के करीबी माने जाने वाले एक और सांसद, ओमराजे निंबालकर के भी मंगलवार शाम नई दिल्ली में होने की खबर है। शिवसेना पदाधिकारियों का दावा है कि UBT गुट के शिरडी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे ने शिंदे सेना में शामिल होने का फैसला किया है क्योंकि उन्हें ठाकरे की पार्टी में कोई भविष्य नहीं दिख रहा है। इससे पहले संजय राउत ने मंगलवार दिन में कहा था कि पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 के बुधवार को दिल्ली में होने और डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल होने की बातों में कोई सच्चाई नहीं है। संजय राउत ने कहा कि हमारी पार्टी कैडर-आधारित है। हमें किसी के अलग गुट बनाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। राज्यसभा सांसद राउत, UBT शिवसेना के एक अन्य सांसद अनिल देसाई के साथ सोमवार से दिल्ली में हैं। सेना के मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि हमारा ऑपरेशन हमेशा चलता रहता है। हालांकि, अभी ठाकरे के नेतृत्व वाली सेना का कोई भी सांसद हमारे संपर्क में नहीं है। लेकिन जो भी जन-प्रतिनिधि पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए शिवसेना में एक बड़ा मौका है। सेना (UBT) ने रविवार को दावा किया था कि उद्धव ठाकरे की बुलाई गई बैठक में उनके सभी 9 सांसद मौजूद थे। हालांकि, मातोश्री में सिर्फ़ 4 सांसद ही मौजूद थे और पार्टी का दावा था कि 5 सांसद ऑनलाइन जुड़े थे। जो सांसद व्यक्तिगत रूप से मौजूद थे, उनमें अरविंद सावंत, राजाभाऊ वाजे, संजय दीना पाटिल और अनिल देसाई शामिल थे। सेना (UBT) के पदाधिकारियों ने बताया कि जो सांसद ऑनलाइन जुड़े थे, उन्होंने उद्धव को अपनी अनुपस्थिति के लिए वाजिब कारण बताए थे। इस बीच, उद्धव ठाकरे ने राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन, यानी 22 जून को अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। उद्धव नरीमन पॉइंट पर स्थित पार्टी कार्यालय ‘शिवालय’ में होने वाली बैठक में विधायकों और MLCs को संबोधित करेंगे। राज्य विधानसभा में सेना (UBT) के 20 विधायक और 6 MLC हैं। मंगलवार को शिंदे सेना के वरिष्ठ नेताओं ने UBT सेना के सांसदों के पाला बदलने की अटकलों को और हवा दी। MLC कृपाल तुमाने ने कहा कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत सेना (UBT) के सात सांसदों को अपनी तरफ लाने के लिए चल रही बातचीत अंतिम चरण में है। वहीं, सेना के मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि ठाकरे खेमे के सांसदों और विधायकों के लिए “शिवसेना के दरवाज़े खुले हैं। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सेना (UBT) के सांसदों के उनके साथ जुड़ने की अटकलों पर पूछे गए किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। चर्चा है कि उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं। इन सांसदों में संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टिकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव शामिल हैं। इसके अलावा, राजाभाऊ वाजे के भी इन छह सांसदों के साथ शामिल होने की चर्चा है।
