पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शनिवार रात नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का भंडाफोड़ किया। बलरामपुर थाना क्षेत्र के बिजली विभाग कार्यालय के पास पुलिस बल जब वाहनों की जांच कर रहा था, तभी बाइक पर बोरा लादकर ले जा रहे अमित कुमार महतो नाम के युवक को रोका गया। बोरे पर खून के धब्बे देखकर संदेह होने पर जब पुलिस ने उसे खोला, तो उसमें 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। आरोपी युवक मोबाइल चार्जर की केबल से बोरे का मुंह बांधकर प्रेमिका की हत्या के बाद शव को अयोध्या पहाड़ पर फेंकने जा रहा था। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतका पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पुरुलिया शहर में एक मेस में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वह मेस से कोचिंग के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। रोजाना शाम को अपनी मां से बात करने वाली छात्रा का मोबाइल जब स्विच ऑफ मिला, तो चिंतित परिजनों ने मेस मालिक से संपर्क किया। इसके बाद परिजनों ने पुरुलिया शहर पहुंचकर तलाश शुरू की और थाने में गुमशुदगी की डायरी दर्ज कराई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमित कुमार महतो भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और पुरुलिया शहर के एक मेस में रहता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ते थे। हाल ही में आरोपी को संदेह था कि उसकी प्रेमिका किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार को आरोपी ने छात्रा को एक सुनसान जगह पर बुलाया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्रा की बुआ ने दावा किया है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें बताया गया है कि हत्या से पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया था। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित कुमार महतो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे रविवार को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुरुलिया की इस नृशंस घटना ने राज्य भर में मई 2022 के चर्चित सुतपा चौधरी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में मेस के बाहर ही सुशांत चौधरी नामक युवक ने संबंधों में तल्खी के कारण अपनी पूर्व परिचित सुतपा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुरुलिया की यह घटना भी उसी तरह रिश्तों में अविश्वास और सिरफिरेपन का भयावह परिणाम बनकर सामने आई है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *