सत्य निकेतन हादसे के बाद दक्षिणी दिल्ली के कई कालेज प्रभावित छात्र-छात्राओं की मदद के लिए आगे आए हैं। श्री वेंकटेश्वर कालेज, राम लाल आनंद कालेज, शहीद भगत सिंह कालेज सहित कई कालेजों ने विद्यार्थियों के लिए दरवाजे खोले हैं। कॉलेजों की ओर से छात्रों के ठहरने के लिए हॉस्टल और कक्षाओं में जगह बनाई गई है। साथ ही भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए कॉलेज कैंटीन का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। हादसे वाली जगह के बिल्कुल पास मौजूद श्री वेंकटेश्वर कालेज में रविवार शाम से विद्यार्थियों के भोजन ठहरने व्यवस्था कर दी गई थी। आस-पास रहने वाले विद्यार्थियों को शरण देने के लिए कालेज ने 10 कमरों को खाली कराने के बाद रुकने की व्यवस्था की है। कॉलेज के स्टाफ सहित प्राचार्य वी. रवि ने भी कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ ही रात गुजारी। प्राचार्य ने बताया कि रविवार रात को कुल 46 छात्रों और 26 छात्राओं ने कॉलेज में शरण ली। ये सभी विद्यार्थी ढही इमारत के आस-पास पीजी में रहते हैं और हादसे के बाद सहमे हुए थे। उन्होंने कहा कि डीयू के किसी भी कालेज से अन्य संस्थान से भी पढ़ाई कर रहे जो विद्यार्थी सत्य निकेतन रहते हैं आकर कालेज में रुक सकते हैं। दिन-रात शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कर्मचारियों सहित स्टूडेंट वालंटियर भी हर संभव मदद में जुटे हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *