पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित रेप की सूचना को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन सुबह भी जारी है. रात में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने सुबह दोबारा चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया है. सोशल मीडिया पर एक छात्रा से कथित रेप का मैसेज वायरल होने के बाद शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब और बढ़ गया है. इससे पहले रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी में जमा हो गए थे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की गई. बताया जा रहा है कि गर्ल्स हॉस्टल के पास से छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ था. इसकी वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक मैसेज बताया जा रहा है. इस मैसेज में दावा किया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप किया है. हालांकि पुलिस के मुताबिक अभी तक ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज की भी पड़ताल की जा रही है. हंगामा बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर आ गए. यहां छात्रों ने गेट में भी तोड़फोड़ की. इसके बाद प्रदर्शनकारी चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और वहां धरना देकर सड़क को बंद कर दिया. इससे रात के समय हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ. घटना की सूचना मिलने के बाद कपूरथला के एसपी गौरव तूर भी रात में मौके पर पहुंचे. पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की. अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सबसे अहम बात यह पता लगाना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज कहां से आया और उसमें किए गए दावे की सच्चाई क्या है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि छात्रा के साथ वास्तव में कोई घटना हुई थी या फिर अफवाह के कारण पूरा विवाद खड़ा हुआ. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *